वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा इस वर्ष अनुदान पर उपलब्ध कराए जाने वाले बीजों का आवंटन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जा रहा है। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की उपस्थिति में बीजों की ई-लॉटरी संपन्न हुई।
समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने पाया कि दलहन, तिलहन एवं श्री अन्न फसलों के बीजों की बुकिंग निर्धारित लक्ष्य की तुलना में अभी काफी कम है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक बीजों की बुकिंग एवं वितरण सुनिश्चित कराया जाए।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में 50 प्रतिशत अनुदान पर अरहर (राजेंद्र), उड़द (पीयू-09) तथा तिल (जीटी-06) के बीज उपलब्ध हैं। इसके अलावा निःशुल्क बीज मिनीकिट योजना के अंतर्गत बाजरा, मंडुआ (रागी), कोदो, अरहर एवं तिल सहित अन्य फसलों के बीज भी किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वर्तमान में कम वर्षा एवं अवर्षण जैसी परिस्थितियों को देखते हुए धान के साथ-साथ वैकल्पिक फसलों की भी बुवाई करें, जिससे उत्पादन एवं आय दोनों सुरक्षित रह सकें।

No comments:
Post a Comment