<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, July 1, 2026

संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान माह का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के प्रति आमजन को जागरूक करना था।

अधिकारियों ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करेंगी।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा ने उपस्थित लोगों को बुखार के समुचित इलाज की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि दिमागी बुखार जानलेवा हो सकता है तथा इसके कारण शारीरिक और मानसिक विकलांगता भी हो सकती है। इसलिए किसी भी व्यक्ति, विशेषकर बच्चों को बुखार होने पर तत्काल निकटतम सरकारी अस्पताल ले जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सीएचसी और पीएचसी पर बुखार के समुचित इलाज की व्यवस्था उपलब्ध है।

उन्होंने सभी से अपने गांव, ब्लॉक, जनपद और प्रदेश को दिमागी बुखार मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही शौचालय का नियमित उपयोग करने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने, व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने तथा बुखार से पीड़ित बच्चों को सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भेजने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ए.के. गुप्ता, एसीएमओ डॉ. ए.के. सिंह, सी.एम. मल्होत्रा, जिला मलेरिया अधिकारी आर्येन्द्र दूबे, मलेरिया इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, एलटी मनोज सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages