बस्ती। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बस्ती मंडल अध्यक्ष हरि मूर्ति सिंह 'मनोज' के नेतृत्व में मंगलवार को व्यापारियों ने जीएसटी व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर आयुक्त उपेन्द्र यादव के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। संगठन ने मांगों का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ज्ञापन में कहा गया कि जीएसटी विभाग के कुछ अधिकारी तकनीकी त्रुटियों और मानवीय भूलों को आधार बनाकर ईमानदार व्यापारियों पर अनावश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। पर्याप्त कर जमा होने के बावजूद जुर्माना लगाए जाने से व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
हरि मूर्ति सिंह 'मनोज' ने कहा कि सचल दलों का उद्देश्य कर चोरी रोकना है, न कि छोटी-छोटी कमियों के आधार पर व्यापारियों को परेशान करना। उन्होंने ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
जिला संगठन महामंत्री भरत राम अग्रहरी 'बबलू' ने 40 लाख रुपये तक वार्षिक कारोबार वाले व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण से छूट के बावजूद अधिकारियों द्वारा पंजीकरण के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया। युवा जिला अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव ने एसआईबी जांच पूरी होने से पहले कर जमा कराने के दबाव को अनुचित बताया।
नगर अध्यक्ष राणा महेंद्र प्रताप ने जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये के बीमा की मांग की। उद्योग मंच के जिला अध्यक्ष कमलेश चौधरी ने पंजीकृत व्यापारियों को डिजिटल कार्यों के लिए लैपटॉप एवं आवश्यक सॉफ्टवेयर निःशुल्क उपलब्ध कराने की मांग उठाई। जिला उपाध्यक्ष महेंद्र गुप्ता ने विलंब से जीएसटी भुगतान पर लगने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 6 प्रतिशत करने की मांग की।
युवा जिला महामंत्री सत्य प्रकाश दुबे ने जीएसटी अधिनियम में जेल की सजा समाप्त कर केवल आर्थिक दंड का प्रावधान करने की मांग की। युवा जिला संगठन महामंत्री संजय सिंह ने तैयार तंबाकू एवं तंबाकू पत्ते पर जीएसटी दरों की विषमता समाप्त करने की बात कही। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष वंदना वर्मा ने अतिरिक्त आईटीसी एवं जीएसटी रिफंड रिटर्न दाखिल होने के बाद स्वतः व्यापारियों के खाते में भेजने तथा विलंब होने पर ब्याज देने की मांग रखी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष आकाश सोनी, नगर मंत्री अवधेश निषाद, नगर संगठन मंत्री संजय गुप्ता, जिला महामंत्री सत्यम सिंह, उद्योग मंच के मंत्री प्रवीण सिंह, कमलेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment