वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। विकासखंड गौर के ग्राम मिरवापुर में गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर मां आदिशक्ति श्री दुर्गा जी की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य एवं ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। परम पूज्य पंडित अर्जुन त्रिपाठी महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन एवं प्राण-प्रतिष्ठा की सभी धार्मिक प्रक्रियाएं शास्त्रोक्त रीति से सम्पन्न कराई गईं। पूरे दिन गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य शोभायात्रा मिरवापुर से प्रारंभ होकर बड़ोखरनाथ धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर गांव की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद शोभायात्रा पुनः मिरवापुर स्थित मां दुर्गा मंदिर एवं मां काली मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों का समापन हुआ। पूरे मार्ग में "जय माता दी", "हर-हर महादेव" और "जय श्रीराम" के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
अनुष्ठान के पश्चात आयोजित विशाल महाभंडारे में ग्रामवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई तथा सेवा और अनुशासन का परिचय दिया, जिससे पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह आयोजन पूर्व प्रधान एवं वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य राजमणि पाण्डेय के संरक्षण एवं अध्यक्षता में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन केवल आस्था के केंद्र नहीं होते, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं को सुदृढ़ करने का भी माध्यम बनते हैं।
समापन पर मां जगदम्बा से ग्राम एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की गई। श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का यह आयोजन लंबे समय तक ग्रामवासियों की स्मृतियों में अंकित रहेगा।

No comments:
Post a Comment