अयोध्या। पूज्य महंत संजय दास जी महाराज को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता चुने जाने पर बड़ा भक्तमाल में पत्रकार वार्ता एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अयोध्या के अनेक प्रमुख संत-महात्माओं ने उपस्थित होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और इसे संत समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़ा भक्तमाल पीठाधीश्वर स्वामी अवधेश कुमार दास जी महाराज ने की। इस अवसर पर निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्रीमहंत मुरली दास जी महाराज, जगद्गुरु डॉ. राघवाचार्य जी महाराज, रसिक पीठाधीश्वर श्रीमहंत जन्मेजय शरण जी महाराज, प्राचार्य डॉ. महेश दास जी महाराज, निर्वाणी अनी अखाड़ा के महासचिव महंत सत्यदेव दास जी महाराज, श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास जी महाराज, महंत उपेंद्र दास जी महाराज सहित बड़ी संख्या में साधु-संत एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए संतों ने कहा कि महंत संजय दास जी महाराज का अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद पर चयन अयोध्या के संत समाज के सम्मान और गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि महंत संजय दास जी अपनी वाणी, अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के बल पर परिषद की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ ही सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित संतों ने महंत संजय दास जी महाराज का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।

No comments:
Post a Comment