वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना गौर पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों अभियुक्तों को बुधवार को रामापुर तिराहे स्थित जय मां लक्ष्मी किराना स्टोर के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार थाना गौर पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 109/2026, धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त प्रेमनाथ सिंह उर्फ काका पुत्र स्व. रामकुमार तथा नयन ज्योति सरकार उर्फ माइकल पुत्र गोपाल चन्द्र सरकार को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय रवाना किया गया।
पुलिस के मुताबिक वादिनी ने तहरीर देकर बताया था कि 24 जून 2026 की सुबह उसका 20 वर्षीय पुत्र सत्यम सिंह घर से प्रेमनाथ सिंह उर्फ काका के साथ गया था। बाद में नयन ज्योति सरकार उर्फ माइकल भी उसके साथ देखा गया। देर शाम तक पुत्र के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूछताछ में प्रेमनाथ ने बताया कि वह सत्यम को रेलवे लाइन के किनारे स्थित पोखरे के पास छोड़ आया था। उसी दिन काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
अगले दिन 25 जून को पुनः तलाश के दौरान रेलवे लाइन के किनारे पोखरे के पास सत्यम सिंह का शव बरामद हुआ। वादिनी ने दोनों आरोपितों पर पुत्र की हत्या कर शव को रेलवे लाइन के किनारे फेंकने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर थाना गौर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया।

No comments:
Post a Comment