वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में जनपद में मनचलों एवं शोहदों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को एंटी रोमियो स्क्वाड एवं मिशन शक्ति टीम ने थाना वाल्टरगंज क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान गोविंद नगर, वाल्टरगंज कस्बा, मनौरी चौराहा, गोविंदनगर रेलवे स्टेशन, श्रीपालपुर, कटहरा स्थित हंसराज सिंह इंटर कॉलेज, देशराज नारंग दयानंद इंटर कॉलेज तथा विभिन्न कोचिंग सेंटरों के आसपास और मुख्य सड़कों व चौराहों पर सघन जांच की गई।
पुलिस टीम ने महिला दुकानदारों एवं स्थानीय महिलाओं से बातचीत कर बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले शोहदों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अभियान के दौरान महिलाओं की समस्याएं भी सुनी गईं तथा उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
चेकिंग के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे 28 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि एक मनचले से माफीनामा भरवाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

No comments:
Post a Comment