<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, July 22, 2026

भाजपा की जनसंवाद मुहिम तेज, डॉ. ममता पाण्डेय ने मंदिरों में किया दर्शन-पूजन, क्षेत्रवासियों से जानी समस्याएं


बस्ती। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ. ममता पाण्डेय ने बुधवार को कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया तथा क्षेत्रवासियों से जनसंवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
डॉ. ममता पाण्डेय ने पौराणिक बाबा झुंगीनाथ मंदिर, बाबा निहालदास की कुटी, देवरहवा बाबा जन्मस्थान आश्रम तथा भारीनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और क्षेत्र के विकास की कामना की। इसके बाद उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर उन विधानसभा क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क और समीक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी थी। अभियान के तहत जनता से सीधा संवाद स्थापित कर चुनावी परिणामों के कारणों की पड़ताल की जा रही है, ताकि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
भाजपा नेत्री ने कहा कि जनसंवाद अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के लिए भाजपा निरंतर कार्य करती रहेगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने डॉ. ममता पाण्डेय का स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। ऊंजी ग्राम सभा स्थित निहालदास कुटी धाम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य अभिनन्दन सिंह विशाल, प्रिंस सिंह, पवन सोनी, मुकेश सिंह, हरिश्चन्द्र, अनिल सिंह, हिमांशु सिंह, विनय सिंह, कमलेश्वर सिंह, रविन्द्रनाथ पाण्डेय, स्वामीनाथ पाण्डेय, अभिषेक शर्मा, संतोष पाठक, भगवती प्रसाद शुक्ल, राममहीपत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages