वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। अमर याज्ञिक पद्मश्री महाशय धर्मपाल की स्मृति में आर्य प्रतिनिधि सभा, लखनऊ द्वारा आयोजित 'सत्यार्थ प्रकाश प्रतियोगिता' में बस्ती की पूर्व प्रधानाचार्या, आर्य कन्या इंटर कॉलेज डॉ. शशिकला श्रीवास्तव ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि पर आर्य समाज नई बाजार, बस्ती में विशेष यज्ञ एवं स्वाध्याय कार्यक्रम आयोजित कर भव्य सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट यूनिट बस्ती के महामंत्री डॉ. नवीन सिंह तथा आर्य वीर दल के मंडलपति आचार्य देवव्रत ने डॉ. शशिकला श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं जूसर भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में अन्य विजेताओं में कु. अश्कृता मिश्रा द्वितीय, राम तनय आर्य तृतीय, श्रीमती नीलम मिश्रा चतुर्थ तथा श्रीमती अपूर्वा गुप्ता पांचवें स्थान पर रहीं, जिन्हें भी सम्मानित किया गया।
आर्य प्रतिनिधि सभा, लखनऊ के उप प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 'सत्यार्थ प्रकाश' का अध्ययन समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलाने के साथ वैदिक विचारधारा को मजबूत करता है।
भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के महामंत्री डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि 'सत्यार्थ प्रकाश' जैसे महान ग्रंथ का अध्ययन और उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन समाज में वैदिक ज्ञान एवं सनातन मूल्यों के प्रति बढ़ती आस्था का प्रमाण है। ऐसी प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
आर्य वीर दल के मंडलपति आचार्य देवव्रत ने कहा कि स्वाध्याय और यज्ञ भारतीय संस्कृति की मूल आधारशिला हैं। डॉ. शशिकला श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध किया है कि ज्ञान अर्जन की कोई आयु नहीं होती। ऐसे आयोजन समाज में वैचारिक जागरूकता लाने के साथ श्रेष्ठ साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ गरुण ध्वज पाण्डेय के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से संपन्न भव्य यज्ञ के साथ हुआ, जिसमें डॉ. नवीन सिंह मुख्य यजमान रहे।
इस अवसर पर नीतीश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, महिमा आर्य, रिमझिम, अरविंद साहू, वैद्य अजय चौधरी, गणेश आर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment