वाराणसी। भारतीय अपना समाज पार्टी के नेतृत्व में पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा एवं उसके घटक दलों की ओर से वाराणसी में विशाल कार्यकर्ता सम्मान समारोह एवं जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन की बढ़ती सक्रियता और ताकत का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक राजन सिंह सूर्यवंशी ने अपने संबोधन में वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि आज की राजनीति जाति, धर्म और समुदाय के नाम पर समाज को बांटने का माध्यम बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है और आम लोगों को अपने कार्य कराने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों की अनदेखी जारी रही तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
राजन सिंह सूर्यवंशी ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता अब वैकल्पिक राजनीति की ओर उम्मीद के साथ देख रही है।
कार्यक्रम का संचालन भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्वांचल वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंगी पांडेय ने किया, जबकि आयोजन राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुनाथ उपाध्याय के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
सभा को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए किसानों, गरीबों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के जनहित कार्यों का उल्लेख करते हुए संगठन को भविष्य में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बताया।
इस अवसर पर भीमसेन सिंह, चिंतामणि पांडेय, विनोद कुमार सिंह, इंदु धर पांडेय, सूर्यनाथ मौर्य, डॉ. अजय सिंह, संजय पांडेय, योगेंद्र सिंह, संजीव सिंह, गणेश निषाद, पंकज पांडेय, संजय सिंह, पूरनचंद मिश्रा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment