वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बस्ती पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने थाना परशुरामपुर क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा मनचलों पर प्रभावी कार्रवाई करना रहा।
प्रभारी एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने कस्बा परशुरामपुर, किसान इंटर कॉलेज, सावित्री विद्या विहार इंटर कॉलेज, श्रृंगीनारी, बस्थनवा बाजार, बेरता तिराहा, कोचिंग सेंटरों के आसपास तथा मुख्य सड़कों और चौराहों पर गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान महिला दुकानदारों से बातचीत कर बाजारों और चौराहों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले शोहदों के संबंध में जानकारी भी ली गई।
अभियान के दौरान करीब 36 लोगों से पूछताछ की गई, जबकि दो मनचलों से भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने के लिए माफीनामा भरवाया गया। पुलिस ने महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण का प्रयास किया। चेकिंग के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि महिलाओं एवं छात्राओं से छेड़छाड़, अभद्रता या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

No comments:
Post a Comment