गोरखपुर। पत्रकार अमित कुमार भारती के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर सोमवार को विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक। (एसएसपी) से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच एवं दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को दिए ज्ञापन में बताया कि 10-11 जुलाई 2026 की रात खूनीपुर क्षेत्र में समाचार संकलन के दौरान द समाचार टाइम्स के पत्रकार अमित कुमार भारती के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि उन्हें समाचार कवरेज करने से रोका गया तथा उनका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि अन्य पत्रकारों के हस्तक्षेप के बाद करीब ढाई घंटे पश्चात मोबाइल वापस किया गया। साथ ही आरोप लगाया गया कि मोबाइल में मौजूद घटना से संबंधित वीडियो फुटेज भी डिलीट कराई गई, जिससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि किसी अधिकारी या पुलिसकर्मी की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों को समाचार संकलन के दौरान निर्भय एवं स्वतंत्र रूप से कार्य करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा सभी थाना व चौकी प्रभारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए जाएं।
पत्रकारों ने कहा कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो इसे गोरखपुर जिला स्थायी समिति की बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही प्रेस क्लब ऑफ इंडिया एवं मानवाधिकार आयोग से भी शिकायत की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे। इनमें मोहम्मद यूसुफ, पंकज पांडेय, राजेश श्रीवास्तव, आदर्श कुमार श्रीवास्तव, दिनेश चंद्र मिश्रा, सुयश श्रीवास्तव, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, परशुराम विश्वकर्मा, प्रिंस चौधरी, के.के. श्रीवास्तव, महेश श्रीवास्तव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, विनय तिवारी, फिरोज खान, प्रिंस पांडेय, सुयश भारद्वाज, पुनीत भारद्वाज, पंचानन पांडेय, पवन गुप्ता, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, दिवाकर चौधरी, पुष्पांजलि राय, सौम्या गुप्ता, सोनी निगम, सुनील पांडेय, अमरजीत गुप्ता, इमरान खान, मिलोगे अली, सुशील सिंह, बबलू प्रजापति, दबीर आलम, सलीम सिद्दीकी, अमित ओझा, अजय गुप्ता, अजीज अहमद फ्रेजर, आबिद अली, मोहम्मद साकिब सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment