वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग द्वारा लखनऊ स्थित अपने विक्रय केंद्र (हाल संख्या-1, द्वितीय तल, केंद्रीय भवन, सेक्टर-एच, अलीगंज) में सोमवार से प्री-मानसून पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। यह प्रदर्शनी 13 से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल ने किया। इस अवसर पर प्रकाशन विभाग के व्यापार प्रबंधन (प्रभारी) शशि कुमार चौबे सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में प्रकाशन विभाग द्वारा प्रकाशित स्वाधीनता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय महत्व के विषयों तथा जनोपयोगी साहित्य पर आधारित पुस्तकों और पत्रिकाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। यहां स्वाधीनता संग्राम के महानायकों और आधुनिक भारत के निर्माताओं की प्रेरक जीवनियां, महात्मा गांधी के जीवन एवं कार्यों पर आधारित 100 खंडों का संग्रह, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के भाषण संग्रह, राष्ट्रपति भवन से संबंधित प्रकाशन तथा भारतीय कला, संस्कृति और विरासत को दर्शाने वाली अनेक पुस्तकें उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सांस्कृतिक मूल्यों के विकास में सहायक बाल साहित्य भी प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण है।
इसके अलावा समग्र विकास पर केंद्रित मासिक पत्रिका योजना, ग्रामीण विकास विषयक कुरुक्षेत्र, साहित्य एवं संस्कृति पर आधारित आजकल, बाल पत्रिका बालभारती तथा हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित रोजगार समाचार भी पाठकों के लिए उपलब्ध हैं।
प्रदर्शनी के दौरान पुस्तकों की खरीद पर 10 प्रतिशत से लेकर 90 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जा रही है। साथ ही विक्रय केंद्र में बनाए गए पठन कक्ष में पाठकों के लिए निःशुल्क बैठकर पुस्तकें पढ़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। प्रकाशन विभाग ने पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों से इस प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment