गोरखपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र माटी युक्त 'कलश वंदन यात्रा' का शुक्रवार को बेनीगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ कलश का स्वागत कर दर्शन-पूजन किया।
अभियान संयोजक मनोज अग्रहरी एवं सह संयोजक अखिलेश आर्या के साथ पहुंचे पावन कलश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह पावन कलश संत गुरु रविदास महाराज के समता, समरसता, मानवता और सामाजिक सद्भाव के अमर संदेश का प्रतीक है। गुरु रविदास महाराज ने "मन चंगा तो कठौती में गंगा" और "बेगमपुरा" जैसे संदेश देकर समाज को समानता और एकता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गुरु रविदास जी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यकर्ताओं ने कलश का पूजन-अर्चन कर गुरु रविदास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा समरस समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
बताया गया कि यह कलश यात्रा नगर के विभिन्न मंडलों में निकाली जाएगी, जहां कार्यकर्ता एवं आमजन पवित्र कलश के दर्शन कर सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश ग्रहण करेंगे।
स्वागत कार्यक्रम में ओम प्रकाश शर्मा, अच्युतानंद शाही, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग मझवार, संयोजक मनोज अग्रहरी, महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार, मंडल अध्यक्ष प्राण तिवारी, अमित कुमार श्रीवास्तव, प्रदीप सिंह, प्रशांत विश्वकर्मा, अनिल कन्नौजिया, राजेश पासवान, बृजमोहन महानगर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment