गोरखपुर। बड़हलगंज पुलिस ने लूट के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मिट्ठू किन्नर पुत्र स्व. प्रहलाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस टीम ने थाना बड़हलगंज पर दर्ज मु.अ.सं. 439/2022 (धारा 394 एवं 411 भादवि) से संबंधित वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2022 को अज्ञात व्यक्तियों ने वादी के वाहन में जबरन घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करते हुए उससे 6,200 नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बड़हलगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में फरार चल रहे आरोपी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार अभियुक्त मिट्ठू किन्नर मूल रूप से जीवकर, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर का निवासी है तथा वर्तमान में मुसहर बस्ती, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ में रह रहा था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक जीतेन्द्र यादव, आरक्षी रितेश यादव, हेड कांस्टेबल अमित यादव तथा कांस्टेबल पीयूष यादव शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment