संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की पुलिस एवं एंटी रोमियो टीमों ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के बारे में जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम और आत्मरक्षा के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने दुर्गा मंदिर बरदहिया व डीघा, महिला थाना ने जिला अस्पताल, धनघटा पुलिस ने उमरिया व मर्चाहिया बाजार, महुली पुलिस ने भगता, मेंहदावल पुलिस ने बारागद्दी तथा धर्मसिंहवा पुलिस ने हर्रैया व मुसहरा क्षेत्र में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया।
महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्राम चौपालों के माध्यम से महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अन्याय की स्थिति में निडर होकर अपनी बात रखने और तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

No comments:
Post a Comment