बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने जनपद के स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में किया गया।
एंटी रोमियो स्क्वाड प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता के नेतृत्व में थाना लालगंज क्षेत्र के आरपीएस पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल, आदर्श कॉन्वेंट स्कूल, श्री राम जानकी इंटर कॉलेज, महादेव बाजार, एफएसजीडी कॉन्वेंट स्कूल, एसडीएस कॉन्वेंट स्कूल, बनकटी बाजार सहित विभिन्न कोचिंग सेंटरों और प्रमुख चौराहों पर सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 35 लोगों से पूछताछ की गई, जबकि दो मनचलों से माफीनामा भरवाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी गई।
इस दौरान टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण का प्रयास किया। साथ ही महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और मिशन शक्ति अभियान के प्रति लोगों को जागरूक भी किया।
एंटी रोमियो स्क्वाड टीम में प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता, महिला मुख्य आरक्षी सुनीता यादव तथा महिला आरक्षी ममता चौहान शामिल रहीं।

No comments:
Post a Comment