वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा रेल कर्मचारियों के पाल्यों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिए आयोजित अंतर्मण्डलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं टैलेंट हंट शो का ग्रैंड फिनाले 23 एवं 24 जुलाई, 2026 को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। 23 जुलाई को कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे होगा, जबकि 24 जुलाई को दोपहर 3:25 बजे ग्रैंड फिनाले का आयोजन होगा।
24 जुलाई को आयोजित समापन समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन के अनुसार जुलाई माह में आयोजित इस अंतर्मण्डलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों के रेल कर्मचारियों के बच्चों तथा कर्मचारियों के पति-पत्नी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों—8 से 12 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 19 वर्ष से अधिक—में आयोजित किया गया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत नृत्य, गायन, वादन, कविता पाठ, चित्रकला, निबंध लेखन, एकल अभिनय (मोनो एक्टिंग), मिमिक्री, स्किट तथा मैजिक जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब इन सभी प्रतियोगिताओं के उत्कृष्ट प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले में अपनी प्रस्तुति देंगे। रेलवे प्रशासन ने इस आयोजन को कर्मचारियों और उनके परिवारों की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।

No comments:
Post a Comment