गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तुर्कमानपुर स्थित सिद्ध पीठ बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शिव का दुग्ध एवं जलाभिषेक कर उनके स्वस्थ, यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बाबा मुक्तेश्वर नाथ से मुख्यमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य, यश, कीर्ति एवं दीर्घायु प्रदान करने की प्रार्थना की।
परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में आस्था और विश्वास के केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा के नए प्रतिमान स्थापित कर रहे हैं और भविष्य में उन्हें देश का नेतृत्व करने का अवसर भी प्राप्त हो, ऐसी कामना की गई।
इस अवसर पर परिषद पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों को जन्मदिन के उपहार स्वरूप पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा विभिन्न लंबित मांगों से संबंधित शासनादेश जारी करने की अपील भी की। उनका कहना था कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा से प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण की अवधारणा और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में रूपेश कुमार श्रीवास्तव, मदन मुरारी शुक्ल, पं. श्याम नारायण शुक्ल, अनिल द्विवेदी, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, बंटी श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment