वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने थाना कोतवाली क्षेत्र के सिमरन लॉज में कम्यूनिटी पुलिसिंग के संबंध में जनचौपाल आयोजित कर आमजन से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना।
जनचौपाल में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीआईजी ने लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा सामुदायिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि समय पर सूचना मिलने से पुलिस प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई कर सकती है।
डीआईजी संजीव त्यागी ने संबंधित सीपीयू प्रभारी को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर आमजन, वृद्ध एवं दिव्यांग व्यक्तियों से संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, मिशन शक्ति अभियान एवं बहू-बेटी सम्मेलन कार्यक्रमों में सहयोग प्रदान करने तथा स्वच्छ छवि वाले स्वयंसेवी संगठनों के कार्यक्रमों में सहभागिता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हो सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment