वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। संभागीय परिवहन अधिकारी फरीदउद्दीन ने बताया कि अपर सचिव (एसटीए) उत्तर प्रदेश के 12 जून 2026 के पत्र के क्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं को ऑनलाइन आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत आमजन अब कई सेवाओं का लाभ बिना कार्यालय आए घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में कुल 49 सेवाएं फेसलेस मोड में संचालित हैं, जिनमें वाहन पोर्टल की 20 तथा सारथी पोर्टल की 29 सेवाएं शामिल हैं। इन सेवाओं के लिए आवेदक को केवल ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आधार प्रमाणीकरण के बाद विभाग द्वारा आवश्यक प्रमाणपत्र एवं दस्तावेज ऑनलाइन ही जारी किए जाएंगे।
वाहन पोर्टल के माध्यम से अस्थायी पंजीकरण, पंजीकरण प्रमाण पत्र में पता परिवर्तन, डुप्लीकेट आरसी, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट जारी करने, नवीनीकरण, हस्तांतरण तथा विशेष परमिट जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी प्रकार सारथी पोर्टल के माध्यम से लर्नर लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, डुप्लीकेट लाइसेंस, पता एवं नाम परिवर्तन, अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट, सार्वजनिक सेवायान बैज, कंडक्टर लाइसेंस से संबंधित विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही इन कॉन्टैक्टलेस सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अनावश्यक रूप से कार्यालय आने से बचें। आवेदन और सेवाओं की जानकारी परिवहन विभाग के पोर्टल के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।

No comments:
Post a Comment