वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर 21 जून को मालवीय रोड स्थित श्री हरि मैरेज हॉल में भव्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की वैश्विक थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" के तहत लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन का संदेश दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भारत स्वाभिमान समिति बस्ती के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान ने मनुष्य की औसत आयु बढ़ाई है, लेकिन स्वस्थ आयु बढ़ाना आज की सबसे बड़ी चुनौती है। योग इस चुनौती का प्रभावी समाधान है, जिससे व्यक्ति बढ़ती उम्र में भी शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सक्रिय रह सकता है।
इंडियन योग एसोसिएशन पूर्वी जोन के अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि योग केवल रोगों के उपचार का माध्यम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली का विज्ञान है। इसका उद्देश्य व्यक्ति को ऊर्जा, संतुलन, मानसिक स्पष्टता और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।
महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी कामना पाण्डेय ने बताया कि ताड़ासन और वृक्षासन जैसे योगाभ्यास शरीर के संतुलन को मजबूत बनाते हैं तथा गिरने की घटनाओं को कम करने में सहायक हैं। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों सहित सभी नागरिकों से योग महोत्सव में भाग लेने की अपील की।
पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी सुभाष चन्द्र आर्य ने कहा कि भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान से मानसिक तनाव कम होता है तथा स्मरण शक्ति में वृद्धि होती है। वहीं डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि कपालभाति, अनुलोम-विलोम और मंडूकासन मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा हृदय रोगों के नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर योग प्रशिक्षकों को तैयार किया जा चुका है। योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय ने बताया कि बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए चेयर योग भी प्रभावी विकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से "योग 365" के संकल्प के साथ योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment