<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, June 17, 2026

कर्नाटक से मुक्त कराए गए चार बाल श्रमिक बच्चों को सीडब्ल्यूसी ने परिजनों को सौंपा

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। कर्नाटक के बेलगाम जनपद में बाल श्रम कर रहे बस्ती जिले के चार नाबालिग बच्चों को मुक्त कराकर बुधवार को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) बस्ती ने उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने चेतावनी दी कि बालिग होने से पहले बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव के चार नाबालिग बच्चों को उनके अभिभावकों ने करीब चार माह पूर्व कर्नाटक के बेलगाम स्थित एक बिस्किट (बेकरी) फैक्ट्री में काम करने के लिए भेज दिया था। इसी दौरान श्रम विभाग को शिकायत मिलने पर फैक्ट्री में छापेमारी की गई। जांच में बस्ती के ये चारों नाबालिग बाल श्रम करते पाए गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति बेलगाम के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

न्यायिक प्रक्रिया के दौरान सीडब्ल्यूसी बेलगाम ने सीडब्ल्यूसी बस्ती से संपर्क किया। मामले की जानकारी मिलने पर बच्चों को उनके गृह जनपद वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। सोमवार रात कर्नाटक पुलिस और चाइल्ड लाइन बेलगाम की टीम चारों बच्चों को लेकर बस्ती पहुंची और उन्हें सीडब्ल्यूसी कार्यालय में प्रस्तुत किया।

सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा, सदस्य अजय श्रीवास्तव तथा सदस्य डॉ. संतोष श्रीवास्तव ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। साथ ही परिवारों की काउंसलिंग कर उन्हें बच्चों को बाल श्रम में लगाने के बजाय विद्यालय भेजने की सलाह दी गई।

अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने कहा कि बच्चों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिवारों को बाल श्रम न कराने के लिए जागरूक किया गया है तथा बच्चों की नियमित निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाल अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Pages