वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेते हुए तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का जनआंदोलन है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को जनपद मुख्यालय स्थित अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जनपद की सभी तहसीलों एवं ग्राम पंचायतों में भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग दिवस से पूर्व 20 जून को व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक में योग समिति के सदस्य जगदीश शुक्ला ने अटल आवासीय विद्यालय परसरामपुर एवं सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, हथियागढ़ में भी योग कार्यक्रम आयोजित कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि योग को प्रत्येक ग्राम पंचायत और प्रत्येक घर तक पहुंचाना आवश्यक है।
बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नागेंद्र कुमार, नोडल योगा वीरेन्द्र चौधरी, बाल कृष्ण चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, बीएसए अनूप तिवारी, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment