वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने वर्ष 2023-24 में स्वीकृत परसा माफी स्थित शिव मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता सूरज सिंह एवं ठेकेदार मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि 276.77 लाख रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के अंतर्गत तालाब में रिटेनिंग वॉल एवं घाट निर्माण, टॉयलेट ब्लॉक, यात्री निवास, प्रवेश द्वार, पेयजल व्यवस्था, इंटरलॉकिंग, बाउंड्री वॉल, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज तथा स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। योजना की भौतिक प्रगति लगभग 85 प्रतिशत पाई गई।
जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को तेजी एवं गुणवत्ता के साथ पूरा कराकर परियोजना को जल्द हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने बची हुई धनराशि से प्रवेश द्वार के पास इंटरलॉकिंग, तालाब के चारों ओर मिट्टी भराई तथा घाट के आसपास स्टोन पिचिंग जैसे अतिरिक्त कार्यों के प्रस्ताव को उच्च स्तर से अनुमोदित कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों की भी जांच की तथा स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मेहदावल अरुण कुमार, संबंधित विभागीय अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment