वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। सनातन धर्म संस्था, बस्ती द्वारा श्री दुर्गा मंदिर, दुबौली दूबे परिसर में आयोजित शारीरिक, बौद्धिक एवं चरित्र निर्माण शिविर के चौथे दिन लगभग 90 बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। शिविर का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें स्वस्थ, संस्कारित, आत्मविश्वासी और राष्ट्रनिष्ठ नागरिक बनाना है।
शिविर में बच्चों को सर्वांगसुंदर व्यायाम, सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार, जूडो-कराटे, लाठी, तलवार, एयरगन से निशानेबाजी, आत्मरक्षा के तरीके, कमांडो प्रशिक्षण, रस्सी अभ्यास, पीटी और परेड का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस और टीम भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
बौद्धिक सत्र में श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का अध्ययन एवं अभ्यास कराया गया। पंकज त्रिपाठी ने बच्चों को अभिवादन, शिष्टाचार, सामाजिक व्यवहार और नैतिक मूल्यों की जानकारी देते हुए अनुशासन एवं सदाचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
बागपत से आए मुख्य व्यायाम शिक्षक विनय पंवार के नेतृत्व में पूजा अग्रहरि, मान्यता त्रिपाठी, आयुष यादव, शीतल राव, विधि, मानवी एवं अंकिता सहित अन्य प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण कराया जा रहा है। बच्चों को नशा, मांसाहार और अन्य दुर्व्यसनों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
संस्था के सदस्य अखिलेश दूबे ने बताया कि 8 से 22 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं के लिए यह शिविर पूरी तरह निःशुल्क है और 10 जून तक प्रतिदिन प्रातः 6:30 बजे से 11 बजे तक संचालित होगा। उन्होंने अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों को शिविर से जोड़ने की अपील की।

No comments:
Post a Comment