गोरखपुर। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में जनपद गोरखपुर में "मिशन शक्ति फेज-5.0" के द्वितीय चरण के विशेष अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम, पीआरवी तथा अन्य पुलिस बल ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून सहित महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं जैसे वीमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, सीएम हेल्पलाइन-1076, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, वन स्टॉप सेंटर-181, साइबर हेल्पलाइन-1930, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108, जनसुनवाई पोर्टल, महिला हेल्प डेस्क, जिला संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बारे में भी जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना संकोच हेल्पलाइन नंबरों एवं पुलिस की सहायता लेने की अपील की।

No comments:
Post a Comment