बस्ती। प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय एवं अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) कीर्ति प्रकाश भारती ने मंगलवार को नगर पंचायत भानपुर कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं और कार्यालयी कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं परियोजना अधिकारी डूडा राजेश यादव भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कार्यालय कर्मियों से उनके दायित्वों की जानकारी ली तथा विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने आईजीआरएस एवं जन शिकायत पंजिकाओं का अवलोकन करते हुए शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
अपर जिलाधिकारी ने नगर पंचायत परिसर के बाहर बैडवा समय माता मंदिर मार्ग पर विशेष साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। आगामी वृक्षारोपण अभियान और वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रखने तथा नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय कर्मी अविनाश कुमार, वीरेंद्र, नीतीश श्रीवास्तव, रवि सिंह, मुकेश, अनिल एवं दीपक उपस्थित रहे।
इसके बाद प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय ने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अटल नगर सिसवा बुजुर्ग में इंद्रसेन मिश्रा के घर से प्राथमिक विद्यालय तक बन रही सीसी रोड तथा वशिष्ठ नगर उकड़ा यादव डीह में सीसी रोड निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए।
एडीएम ने तहसील भानपुर का भी निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी भानपुर सत्येंद्र सिंह एवं तहसीलदार पंकज गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment