बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी चन्द प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके पट्टीदार प्रेमनरायन सिंह और उनके पुत्र मनोज सिंह फर्जी शिकायतों के माध्यम से उनकी जमीन पर स्थापित जियो मोबाइल टावर को हटवाने का षड्यंत्र कर रहे हैं।
मंगलवार को चन्द प्रताप सिंह के पुत्र शिव सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर मांग की कि उनके पिता की भूमि से मोबाइल टावर न हटाया जाए तथा झूठी शिकायतें कर परिवार को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
शिव सिंह ने बताया कि गाटा संख्या 493 (डीही आबादी) में जियो कंपनी का मोबाइल टावर स्थापित है, जिससे उनके परिवार को आर्थिक सहयोग प्राप्त होता है। इसी वजह से गांव के पट्टीदार प्रेमनरायन सिंह एवं उनके पुत्र मनोज सिंह आए दिन विवाद करते हैं और टावर कंपनी को भ्रामक सूचनाएं देकर गुमराह करने का प्रयास करते हैं, जिससे उनके परिवार को आर्थिक नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के लेखपाल द्वारा भी स्पष्ट किया जा चुका है कि मोबाइल टावर गाटा संख्या 493 में ही स्थित है। इसके बावजूद विरोधी पक्ष लगातार शिकायतें कर विवाद की स्थिति उत्पन्न कर रहा है।
चन्द प्रताप सिंह और उनके पुत्र शिव सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि भ्रामक शिकायतों के जरिए माहौल खराब करने और अनावश्यक विवाद खड़ा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

No comments:
Post a Comment