गोरखपुर। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में राज्य कर विभाग खंड-4 गोरखपुर द्वारा गोलघर स्थित रॉयल रेजीडेंसी होटल में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारिक संगठनों, टैक्स विशेषज्ञों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने भाग लेकर जीएसटी व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापार हितैषी बनाने पर चर्चा की।
कार्यक्रम में दवा विक्रेता समिति (रजि.) गोरखपुर के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दुबे, गोलघर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरीशंकर सरावगी, मोबाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन चौरसिया, टैक्स एडवोकेट एसोसिएशन के महामंत्री दिव्येन्दु नाथ तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। विभाग की ओर से उपआयुक्त राज्य कर सिद्धार्थ शंकर शाही समेत कई अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी अनुपालन, ई-इनवॉयसिंग, डिजिटल सुरक्षा और जीएसटी 2.0 के नए प्रावधानों की जानकारी दी।
संवाद के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी पोर्टल की तकनीकी समस्याओं, ई-वे बिल में त्रुटियों पर होने वाली कार्रवाई, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से जुड़े मामलों तथा दवा व्यापार की व्यावहारिक चुनौतियों को प्रमुखता से उठाया। दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दुबे ने कहा कि विभाग और व्यापारिक संगठनों के बीच नियमित संवाद से ही कर प्रणाली को अधिक प्रभावी और व्यापार अनुकूल बनाया जा सकता है। उन्होंने जीवनरक्षक दवाओं के परिवहन, एक्सपायरी दवाओं और कंपनी रिटर्न से जुड़े मामलों पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी रखी।
गोलघर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरीशंकर सरावगी ने छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए रिटर्न फाइलिंग प्रक्रिया को और सरल बनाने तथा तकनीकी कारणों से होने वाले विलंब पर राहत देने की आवश्यकता बताई। वहीं मोबाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन चौरसिया ने व्यापारियों के लिए स्थायी हेल्प डेस्क और नियमित त्रैमासिक संवाद बैठकों की व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया।
कार्यक्रम के अंत में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए जीएसटी व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवसाय-अनुकूल बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। बड़ी संख्या में दवा, मोबाइल एवं अन्य व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़े व्यापारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment