गोरखपुर। प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट, अघोषित कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को शास्त्री चौक पावर हाउस पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली मंत्री की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विजय श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। बिजली मंत्री का पुतला दहन करने के प्रयास के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप कर पुतले को अपने कब्जे में ले लिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना देकर विरोध जताया।
जिलाध्यक्ष विजय श्रीवास्तव ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश की जनता बिजली संकट से कराह रही है। शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों अघोषित कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। किसान सिंचाई, व्यापारी कारोबार और छात्र पढ़ाई को लेकर परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जनता महंगी बिजली का बिल चुकाने के बावजूद पर्याप्त बिजली पाने से वंचित है।
जिला प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने आरोप लगाया कि सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए राहत नहीं बल्कि परेशानी का कारण बन गए हैं। गलत रीडिंग, फर्जी बिलिंग और कई गुना बढ़े बिजली बिलों से आम उपभोक्ता आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
पार्टी नेताओं ने बाराबंकी में बिजली संकट के कारण हुई चार लोगों की मौत का उल्लेख करते हुए इसे सरकार की लापरवाही का परिणाम बताया और पीड़ित परिवार को मुआवजा व न्याय देने की मांग की।
ज्ञापन में अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर और फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला महासचिव राघवेन्द्र प्रताप, आशीष कुशवाहा, राजेश राजभर, गोविंद कुमार गौतम, दीपक तिवारी, रीतू सागर, धन्नजय श्रीवास्तव, अनिरुद्ध यादव, महेंद्र कुमार पासवान, मोहम्मद कलीम, अमिताभ जायसवाल, आकाश सिंह, सुशील कुमार, संजीव गुप्ता, डॉ. डब्ल्यू रहमान, अभिषेक मिश्रा यादव, अमित साहनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment