वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। अमेरिकी सैन्य हमले में भारतीय नाविकों की मौत के विरोध में वाम मोर्चा के घटक दलों माकपा, भाकपा और भाकपा (माले) के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में भारत सरकार से घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराने, मृतक नाविकों के परिजनों को उचित मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध कराने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई।
सभा को संबोधित करते हुए माकपा के जिला सचिव शेष्मणि ने कहा कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में भारतीय नागरिकों की मौत दुखद और निंदनीय है। भारत सरकार को इस मामले में अमेरिकी प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराना चाहिए।
भाकपा के जिला सचिव अशर्फीलाल ने कहा कि भारतीय नागरिकों के जीवन और सम्मान की रक्षा करना सरकार का दायित्व है। मृतक परिवारों को न्याय और सहायता मिलनी चाहिए।
भाकपा (माले) के जिला संयोजक राम लौट ने कहा कि साम्राज्यवादी नीतियां विश्व शांति के लिए खतरा हैं। समुद्री क्षेत्रों में कार्यरत भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
प्रदर्शन में माकपा के पूर्व जिला सचिव रामगढ़ी चौधरी, के.के. तिवारी, राम दयाल, नवनीत यादव, नरसिंह भारद्वाज, धीरज सिंह, शिवचरण निषाद, रामकेश, विजेंद्र, शंकर दास, बिफई, राम अंजोर, मिसलावती, सरोज सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment