बस्ती। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कोतवाली थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के निर्देशन में हुई, जबकि प्रभारी निरीक्षक मोती चंद मौजूद रहे।
बैठक में थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, शांति सुरक्षा समिति के सदस्य, धर्मगुरु, ताजियादार, अंजुमन एवं मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारी, दोनों समुदायों के गणमान्य लोग, चौकी प्रभारी, बीट पुलिस अधिकारी तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल हुए।
पुलिस अधिकारियों ने सभी से मोहर्रम का पर्व पारंपरिक तरीके से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में परंपरा से हटकर कोई गतिविधि न की जाए तथा शस्त्रों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्ण सहयोग करेंगे।

No comments:
Post a Comment