वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। 45वीं बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में केंद्रीय विद्यालय संख्या-2, उनौला में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-155) का बृहस्पतिवार को गोरखपुर ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर परिमल भारती ने निरीक्षण किया। उनके आगमन पर कैम्प कमांडेंट कर्नल जयवीर सिंह एवं डिप्टी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार सिंह ने स्वागत किया। एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर भारती ने शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया तथा कैडेट्स को दिए जा रहे सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने फुटबॉल प्रशिक्षण सत्र का भी निरीक्षण किया और कैडेट्स के अनुशासन, उत्साह एवं खेल कौशल की प्रशंसा की।
बाद में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कैप्टन वाहिद अली, सेकंड ऑफिसर अनिल कुमार, कुंवर शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सूबेदार अरविंद कुमार, विश्वनाथ पुरी, दयानंद, संजय प्रजापति, मनोरंजन त्रिपाठी, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी, एनसीसी स्टाफ और कैडेट्स उपस्थित रहे।
शिविर प्रवक्ता डॉ. शिवेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, खेलकूद, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनमें राष्ट्रसेवा की भावना और अधिक मजबूत हो सके।

No comments:
Post a Comment