<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, June 10, 2026

एक के बाद एक दोहरे सदमे से टूटा परिवार, कार दुर्घटना में घायल पत्नी की भी मौत, प्रधानाध्यापक की हालत गंभीर


महादेवा, बस्ती। पुत्री की मौत के गम से जूझ रहे एक परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि दो दिनों के भीतर परिवार ने एक और सदस्य को खो दिया। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में 11 माह की पुत्री की मृत्यु के बाद घर लौट रहे दंपती की कार सोमवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में घायल पत्नी की मंगलवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रधानाध्यापक पति की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महसो निवासी विष्णु दत्त शुक्ल 46वर्ष पुत्र हरिशंकर शुक्ला जो जूनियर हाईस्कूल डड़वा काँची में इंचार्ज प्रधानाध्यापक हैं, तथा उत्तर प्रदेशीय जूनियर शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष भी हैं।अपनी 11 माह की पुत्री का इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में करा रहे थे। उपचार के दौरान रविवार को पुत्री की मृत्यु हो गई। पुत्री की लाश उनके भाई लेकर घर आ गए थे।प्रधानाध्यापक अपनी पत्नी साधना शुक्ला (42 वर्ष) और उनकी बहन सोनी के साथ सोमवार की सुबह कार से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान महसो के निकट नंदपुर गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे स्वागत बोर्ड के खंभे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय बस्ती पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने विष्णु दत्त शुक्ल और उनकी पत्नी साधना शुक्ला की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जबकि साधना की बहन को बस्ती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मंगलवार देर शाम मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उपचार के दौरान साधना शुक्ला ने दम तोड़ दिया। वहीं विष्णु दत्त शुक्ल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

एक ही परिवार में दो दिन के भीतर ही पहले मासूम पुत्री और फिर पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।   परिजनों  का रो-रोकर बुरा हाल है ।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages