गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के अध्यक्ष सतीश शर्मा की अध्यक्षता में ग्रेट निकोबार द्वीप के संरक्षण को लेकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय से की गई। यह अभियान 8 जून से 15 जून 2026 तक जिले के सभी नगर एवं ब्लॉक क्षेत्रों में चलाया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर यह जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रेट निकोबार देश की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है, जहां की जैव विविधता, घने वन, समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र तथा आदिवासी समुदायों की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना राष्ट्रीय दायित्व है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित विकास परियोजना से विशाल वन क्षेत्र प्रभावित होगा, जिससे पर्यावरण संतुलन, वन्यजीवों तथा आदिवासी समुदायों के अस्तित्व पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने कहा कि जंगलों की अंधाधुंध कटाई से प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बढ़ेगी और इसका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए जनभागीदारी का प्रयास है। पार्टी कार्यकर्ता जनसंपर्क के माध्यम से आम जनता को अभियान से जोड़कर हस्ताक्षर एकत्र करेंगे तथा जनता की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों, आईसीसी एवं पीसीसी सदस्यों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, जयवीर सिंह, जिला महामंत्री महफूज अली, राजू शर्मा, विनोद धाम, हाजी खुर्शीद अली, उदय सिंह पाल, सीमा नजमीन, रूबी मलिक, जितेंद्र शर्मा, भूपेंद्र सिंह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment