वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश बस्ती शमसुल हक के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत कर्मादेवी शिक्षण संस्थान समूह के डी.एम.एस.एस.पी. लॉ कॉलेज, फुटहिया संसारपुर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने विधि के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए व्यवहारिक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 2 जून 2026 से न्यायालय परिसर सभागार में विधि छात्रों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को न्यायालय, कारागार, बाल सम्प्रेक्षण गृह, वृद्धाश्रम तथा बाल कल्याण समिति का भ्रमण भी कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि विधि के क्षेत्र में सफलता के लिए केवल कानूनी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक अनुभव, संवाद कौशल और आत्मविश्वास भी आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों से आमजन के बीच कानून संबंधी सामान्य जानकारियों का प्रसार करने का आह्वान किया ताकि लोग अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम में कर्मादेवी शिक्षण समूह की सीईओ श्रीमती अंशु सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विधिक साक्षरता शिविर को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। शिविर को चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शैलजा कुमार पाण्डेय, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल निति कुमार श्रीवास्तव एवं दीप्ति पाण्डेय, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं अधिवक्ता सुशांत द्विवेदी तथा विभागाध्यक्ष डॉ. रफी अहमद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विधि के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment