गोरखपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम सेल अपराध शाखा गोरखपुर द्वारा पुलिस अधीक्षक अपराध के नेतृत्व में “हर घर साइबर सुरक्षा” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में ग्रामों, तहसीलों, मुख्य बाजारों, विद्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों, प्रशासनिक कार्यालयों, डाकघरों, बैंकों एवं सीएसपी केंद्रों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस टीमों द्वारा पोस्टर चस्पा कर तथा पंपलेट वितरित कर लोगों को साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। अभियान के दौरान डिजिटल अरेस्ट, एपीके फ्रॉड, निवेश संबंधी ठगी, फेक न्यूज तथा म्यूल अकाउंट जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
साथ ही लोगों को बताया गया कि किसी भी साइबर ठगी या अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
सावधान रहें, सुरक्षित रहें।

No comments:
Post a Comment