वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर एवं अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में लखनऊ मंडल द्वारा गोरखपुर जंक्शन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और सौंदर्यीकरण का अनूठा संगम प्रस्तुत किया गया है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर थर्ड एसी प्रतीक्षालय के निकट ध्यान मुद्रा में भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।
प्रतिमा के ऊपर हाई-रेजोल्यूशन एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर गोरखपुर जंक्शन के गौरवशाली इतिहास, विकास यात्रा तथा गोरखपुर एवं आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी चौबीसों घंटे प्रसारित की जा रही है। बुद्ध प्रतिमा और एलईडी स्क्रीन के बीच रंगीन एलईडी लाइटों से सुसज्जित ‘मेरा प्यारा गोरखपुर’ बोर्ड भी लगाया गया है, जो विशेष रूप से रात्रि में यात्रियों का ध्यान आकर्षित करता है।
आध्यात्मिक शांति, आधुनिक डिजिटल तकनीक और स्थानीय गौरव के इस समन्वय ने यात्रियों के प्रतीक्षा समय को ज्ञानवर्धक और यादगार बना दिया है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां सेल्फी लेकर गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर साझा कर रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि गोरखपुर बौद्ध सर्किट का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। उन्होंने कहा कि यह पहल ‘अतुल्य भारत’ और ‘स्वच्छ व सुंदर स्टेशन’ अभियान को नई गति प्रदान कर रही है। इससे यात्रियों को नाथ नगरी की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिल रहा है और वे गोरखपुर की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

No comments:
Post a Comment