<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, June 22, 2026

वृद्धजनों व दिव्यांगजनों के बीच पहुंची सोनहा पुलिस, सुनी समस्याएं और दी सुरक्षा संबंधी जानकारी

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में थाना सोनहा पुलिस द्वारा जनसंपर्क एवं जनसेवा की दिशा में सराहनीय पहल की गई। थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के नेतृत्व में थाना सोनहा की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट ने सोमवार को थाना क्षेत्र के ग्राम जाता के विभिन्न गांवों एवं मोहल्लों में पहुंचकर वृद्धजनों और दिव्यांगजनों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान पुलिस टीम ने वृद्ध नागरिकों का कुशलक्षेम जाना और उनकी व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की। पुलिसकर्मियों ने वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने की अपील की।

कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को साइबर अपराध, ठगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है तथा जरूरतमंद लोगों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता और संवेदनशील पुलिसिंग के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाना पुलिस की प्राथमिकता है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages