वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद के विकास कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक बिना किसी भेदभाव के लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और लाभार्थियों से नियमित फीडबैक लेने पर जोर दिया।
विधायक अंकुरराज तिवारी ने नगरीय आवास योजना में पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता देने, जर्जर विद्युत तारों को बदलने, पोल शिफ्टिंग तथा ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराने के निर्देश दिए। वहीं विधायक गणेश चंद्र चौहान ने रामजानकी मार्ग पर सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने, गो आश्रय स्थल मझौरा की व्यवस्था सुधारने तथा अभ्युदय कोचिंग योजना को सुदृढ़ करने की बात कही।
बैठक में मेंहदावल-धनघटा मार्ग को फोरलेन बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने इसे जनपद की लाइफलाइन बताते हुए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
दिशा बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, मनरेगा, पीएम ग्राम सड़क योजना, स्टार्टअप इंडिया, ओडीओपी सहित विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी सुझावों एवं निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

No comments:
Post a Comment