बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर एवं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से बस्ती में "योग पार्क" कार्यक्रम का आयोजन उद्यान विभाग के पार्क में किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश पूर्वी जोन के अध्यक्ष डॉ. नवीन सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है।
जिला संयोजक योगाचार्य राम मोहन पाल एवं कन्वीनर सौरभ तुलस्यान ने बताया कि इंडियन योग एसोसिएशन एवं पतंजलि भारत स्वाभिमान के तत्वावधान में आयोजित योग पार्क में प्रतिदिन योग साधकों को योग दिवस प्रोटोकॉल के साथ-साथ विभिन्न रोगों के अनुसार योगाभ्यास कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डायबिटीज के लिए मंडूकासन, कमर दर्द के लिए भुजंगासन एवं मर्कटासन, सायटिका के लिए शलभासन, गैस एवं कब्ज के लिए पवनमुक्तासन, थायराइड के लिए उज्जायी प्राणायाम व अनुलोम-विलोम तथा मानसिक रोगों के लिए भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया जा रहा है। योग शिक्षकों का कहना है कि नियमित योगाभ्यास का सकारात्मक प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है और साधक स्वयं को अधिक स्वस्थ एवं ऊर्जावान महसूस कर रहे हैं।
योग पार्क में शामिल साधकों ने इस शिविर को निरंतर संचालित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है और योग के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनील सिंह, सुभाष चौधरी, डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला, मंजेश चौधरी, अजय श्रीवास्तव, शिवेंद्र, संतोष भारद्वाज, बैजनाथ, राधेश्याम, अशोक यादव, सूर्य प्रताप, संदीप गोयल एवं भूपेंद्र चौधरी सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment