गोरखपुर। थाना गोरखनाथ पुलिस ने आवास दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर धन हड़पने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्वयं को गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) का कर्मचारी बताकर लोगों को झांसा देता था और फर्जी आवंटन पत्र तैयार कर ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना गोरखनाथ पर दर्ज मुकदमा संख्या 026/2026 से संबंधित आरोपी विजय प्रताप को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने वादी को आवास दिलाने का झूठा आश्वासन देकर उससे धनराशि प्राप्त की तथा फर्जी आवंटन संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना गोरखनाथ में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय प्रताप पुत्र स्वर्गीय संतराज, निवासी भरपुरवा भीटीरावत, थाना सहजनवा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अनुराग सिंह एवं उपनिरीक्षक रजत त्रिपाठी शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment