बस्ती। कांग्रेस आरटीआई विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी महेन्द्र श्रीवास्तव ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के दानपात्र से कथित चोरी के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उनका कहना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि एसआईटी द्वारा करीब 150 लोगों से पूछताछ के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि जांच में व्यवस्था से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों के बयानों में भी विरोधाभास देखने को मिला है तथा सीसीटीवी फुटेज तक डिलीट पाए गए हैं। साथ ही सोना-चांदी के लेखा-जोखा में भी कथित गड़बड़ियां सामने आने की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट से पहले ही निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र द्वारा भी मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे। महेन्द्र श्रीवास्तव ने मांग की कि जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आए, उनके विरुद्ध निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मंदिर की दान व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

No comments:
Post a Comment