गोरखपुर। जनपद में संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के विशेष अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद के सभी थानों पर ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न गांवों और मोहल्लों में चौपाल लगाकर महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं को जागरूक किया। उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनों के बारे में विस्तार से बताया गया।
सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, छेड़छाड़, बाल विवाह, दहेज उत्पीड़न तथा अन्य महिला अपराधों के संबंध में जागरूक करते हुए उनके निवारण के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। साथ ही जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करना है, जिससे वे बिना किसी भय के अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकें और समाज की मुख्यधारा में सशक्त भूमिका निभा सकें।

No comments:
Post a Comment