वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित चार दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के राज्यमंत्री तोखन साहू ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बाल विकास विभाग के दो बच्चों, आन्या एवं सृष्टि, का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।
कार्यक्रम में जनपद के महापौर, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर नवीन अनुपूरक पोषाहार तथा विभागीय योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्रा ने बताया कि स्टॉल पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टीकाकरण, शालापूर्व शिक्षा एवं "एक पेड़ मां के नाम" अभियान सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों के लिए विशेष गेम जोन भी बनाया गया है, जहां म्यूजिकल चेयर, डॉट गेम, पासिंग बॉल सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन खेलों के माध्यम से बच्चों के संज्ञानात्मक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि विभागीय स्टॉल एवं गेम जोन चार दिनों तक संचालित रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं मुख्य सेविकाएं सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment