वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। समाज सेवा, शिक्षा के क्षेत्र में वंचित वर्गों के उत्थान तथा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करने के उल्लेखनीय योगदान के लिए आईआईएस जय सिंह को प्रतिष्ठित ‘शान-ए-उत्तर प्रदेश’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कशिश मीडिया द्वारा उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया गया।
जय सिंह लंबे समय से गरीब एवं असहाय बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे जरूरतमंद विद्यार्थियों की फीस, कॉपी-किताब तथा अन्य शैक्षिक आवश्यकताओं की निःशुल्क व्यवस्था कर शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इसके साथ ही सिविल सेवा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को नियमित रूप से मार्गदर्शन, काउंसलिंग और रणनीतिक सहयोग प्रदान करते हैं, जिससे अनेक विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त हुई है।
यह सम्मान समारोह लखनऊ स्थित प्रेस क्लब में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक सूर्य कुमार शुक्ल उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चयनित व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान कशिश मीडिया के 19वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्थापक जिया सिद्दीकी के नेतृत्व में किया गया। समारोह में पत्रकार, समाजसेवी, शिक्षाविद, कलाकार और प्रशासनिक अधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जय सिंह ने इसे अपने माता-पिता, शुभचिंतकों, मित्रों और उन सभी सहयोगियों को समर्पित किया, जिन्होंने उनके सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन दिया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का यह कार्य सामूहिक प्रयास और सकारात्मक सोच का परिणाम है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी जय सिंह को कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं सामाजिक सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इनमें ‘लाइफ टाइम एक्सीलेंस अवार्ड’, ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर विशिष्ट स्कॉलर सम्मान’, ‘विशिष्ट प्रशासनिक सेवा सम्मान’ तथा ‘संत गाडगे सेवा सम्मान’ प्रमुख हैं। ये सम्मान उनके सतत जनसेवा, प्रशासनिक दक्षता और सामाजिक योगदान को रेखांकित करते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने जय सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है तथा युवाओं के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाता है।
यह सम्मान न केवल जय सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत सभी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। इस अवसर पर लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment