वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश से पूर्व की जाने वाली सघन तलाशी व्यवस्था का अवलोकन किया। केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्थिति में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर न जाने पाए।
अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम तथा अन्य तकनीकी उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने देने तथा अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने तथा पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment