गोरखपुर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद गोरखपुर के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों, पीआरवी एवं पुलिस बल द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक अपराध एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण और विश्वास का वातावरण विकसित करना रहा। इस दौरान घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून तथा महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सहायता मंचों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं अन्य सहायता सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस कर्मियों ने मोबाइल में पैनिक बटन और आपातकालीन कॉल सुविधा का प्रदर्शन करते हुए जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध सरकारी तंत्र और कानूनी सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

No comments:
Post a Comment