वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
रुधौली। बजाज चीनी मिल रुधौली के महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान ने बहादुरपुर ब्लॉक के ग्राम सीस्वरी बदन सिंह, सीस्वरी रघुवीर सिंह तथा भरवलिया करहली में गन्ना प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए गन्ना फसल की विशेष देखभाल करने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान लवकुश सिंह चौहान ने कहा कि वर्तमान में तापमान सामान्य से अधिक है, जिससे गन्ना फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में किसान अपने खेतों की नियमित सिंचाई करें और खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखें। उन्होंने सलाह दी कि सिंचाई तथा स्प्रे का कार्य शाम के समय ही किया जाए, ताकि पौधे पानी और पोषक तत्वों को बेहतर ढंग से ग्रहण कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि उर्वरक खाद का प्रयोग तभी करें जब खेत में पर्याप्त नमी हो।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि गन्ना सर्वेक्षण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने प्लॉट पर उपस्थित रहकर यह सुनिश्चित कर लें कि उनके गन्ना प्लांट का सर्वे हो चुका है। साथ ही आवश्यक दस्तावेज फील्ड सुपरवाइजर को उपलब्ध करा दें, जिससे सट्टा लॉक होने अथवा समिति के नए सदस्य बनने संबंधी कार्य समय से पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि चीनी मिल की टीम गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला, क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी रंजीत सिंह सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment